Home Blog सिद्धार्थनगर में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन: सांसद जगदम्बिका पाल व जनप्रतिनिधियों...

सिद्धार्थनगर में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन: सांसद जगदम्बिका पाल व जनप्रतिनिधियों ने भरी हुंकार, 2047 तक विकसित भारत बनाने का दोहराया संकल्प

SIDHARTHNAGAR NEWS: कलेक्ट्रेट परिसर से सिहेंश्वरी माता मंदिर तक एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गोविन्द माधव, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिहेंश्वरी माता मंदिर परिसर में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन बन चुका है, जिसके तहत 140 करोड़ देशवासी अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहरा रहे हैं। स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था। ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष और वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान ने अंग्रेजी हुकूमत को उखाड़ फेंका। आज भारत का तिरंगा चंद्रमा तक पहुँच चुका है। सांसद ने आगे कहा कि आज भारत डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में दुनिया में नंबर एक है और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ 2047 तक ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के संकल्प की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आह्वान पर निकली यह यात्रा जन-जन में राष्ट्रप्रेम का संचार कर रही है, साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उत्सव के रूप में याद कर सच्चा सम्मान दिया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द माधव और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा मिश्रा ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार सहित भारी संख्या में स्कूली बच्चे और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।