लोग रातों में जागकर कर रहे पहरेदारी, पुलिस गश्त के बाद भी बेलगाम चोर
SIDHARTHNAGAR NEWS: सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। 6 सितंबर की रात चोरों ने दो अलग-अलग गांवों में धावा बोलकर पुलिस और स्थानीय निवासियों को खुली चुनौती दी। एक तरफ, तुलसियापुर में एक परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की गई, तो वहीं धनौरा बुजुर्ग गांव में भी चोरी का प्रयास किया गया। इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे लोगों को अब खुद रात में जागकर पहरेदारी करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। तुलसियापुर चौराहे पर एक दुकान के ऊपर किराए के मकान में रहने वाले सूरज यादव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सो रहे थे। रात लगभग 2:30 बजे, बगल के मकान से सीढ़ी लगाकर छह नकाबपोश चोरों ने उनके कमरे के बगल नकब काट कर दरवाजा खोला। जागने पर चोरों ने सूरज की पत्नी लक्ष्मी को चाकू दिखाकर बंधक बना लिया और अंगूठी निकालने के लिए उंगली काटने की धमकी दी। चोरों ने घर से सोने के गहने और 45000 रुपये नकद चुरा लिए। अचानक बर्तन गिरने की आवाज सुनकर चोर घबरा गए और मौके से फरार हो गए। बताया जाते है कि इसी रात, ढेबरुआ थाना क्षेत्र के धनौरा बुजुर्ग गांव में भी चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर का पिछला ताला तोड़कर घुसने की कोशिश की, लेकिन लोगों के जगने की आवाज सुनकर वे भाग निकले। भागते हुए छह चोरों की तस्वीर पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सुराग हो सकता है। पुलिस ने केवटली चौराहे पर स्कूटी से भीख मांग रही एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया है, जो बस्ती जनपद की बताई जा रही है और वह इसी थाना क्षेत्र के किसी घाव में किराए पर रहती है। पूछताछ में वह बार-बार अपना बयान भी बदल रही है। यह भी पता चला है कि यह महिला चोरी की वारदात से ठीक पहले शुक्रवार को सूरज यादव की दुकान पर लगभग 1 घंटे तक बैठी थी और दुकानदार से बहस भी कर रही थी। लोगों का मानना है कि वह रेकी कर रही थी। फिलहाल पुलिस इस महिला के इन घटनाओं से जुड़े होने की संभावना पर जांच कर रही है।
पिछले कुछ दिनों में ढेबरुआ थाना क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन घरों में हुई चोरियों का खुलासा अभी तक पुलिस नहीं कर पाई है। लोगों का कहना है कि दिन-रात पुलिस की गश्त होने और खुद उनकी पहरेदारी के बावजूद चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच, ढेबरुआ थानाध्यक्ष गौरव सिंह का तबादला बांसी कर दिया गया है। उनकी जगह नवागत थाना प्रभारी नारायन लाल श्रीवास्तव को थाने की कमान सौंपी गई है। अब यह देखना होगा कि वह इस बेलगाम चोर गिरोह का कब तक पर्दाफाश कर पाते हैं, क्योंकि यह उनके लिए एक बड़ी चुनौती होगी।







