Home उत्तर प्रदेश सिद्धार्थनगर का गौरव: बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में उभरे नए सितारे, भनवापुर का...

सिद्धार्थनगर का गौरव: बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में उभरे नए सितारे, भनवापुर का दबदबा

दिमागी खेल शतरंज से लेकर कुश्ती के अखाड़े तक बेसिक स्कूल के खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को मिले मेडल
SIDHARTHNAGAR NEWS: बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता (जूनियर स्तर) का आगाज पूरे उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अमित कुमार शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि जिला समन्वयक (निपुण) आशीष सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद शुरू हुए मुकाबलों में जिले के होनहार खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया, जिन्हें देर शाम मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैडमिंटन स्पर्धा के बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में भनवापुर की टीम का एकतरफा दबदबा रहा। भनवापुर के खिलाड़ियों ने बालक वर्ग में जोगिया और बालिका वर्ग में डुमरियागंज को परास्त कर दोहरा खिताब अपने नाम किया। वहीं कुश्ती के अखाड़े में विभिन्न भार वर्गों के मुकाबलों में दांव-पेच का जबर्दस्त नजारा देखने को मिला। बालक वर्ग में राहुल (भनवापुर-48 किग्रा), रामनिवास (खेसरहा-44 किग्रा), मोहम्मद अल्ताफ (खेसरहा-41 किग्रा), राजेश (बांसी-38 किग्रा) और राजकुमार (जोगिया-35 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीता। बालिका कुश्ती में डुमरियागंज का बोलबाला रहा, जहां दिव्या (46 किग्रा), मधु (42 किग्रा) व शिवानी (39 किग्रा) ने पहला स्थान पाया, जबकि 35 किग्रा वर्ग में शोहरतगढ़ की रागिनी ने बाजी मारी।
शतरंज की बिसात पर नौ विकास खंडों के दिमागी सूरमाओं के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। बालक संवर्ग के फाइनल में लोटन के विवेक ने खेसरहा के रुपेश को मात देकर जिला विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बालिका संवर्ग में पीएम श्री विद्यालय समोगरा की सना परवीन ने सपना भारती को शिकस्त देकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। दूसरी ओर, टेबल टेनिस बालक सिंगल्स में साहिल विजेता व अरून उपविजेता रहे, जबकि डबल्स में रियाज व प्रभाकर की जोड़ी चैंपियन बनी। बालिका टीटी सिंगल्स में आरोही और डबल्स में समोगरा की अफसाना व अफ़्बा की जोड़ी ने बाजी मारी।
खेलों को पारदर्शिता और निष्पक्षता से संपन्न कराने में मुकेश कुमार, अकमल फारूखी, सुनील, राजेंद्र, अमृतलाल, गुलाम हुसैन, केसरी नंदन, किशन जी वर्मा, अजय बरनवाल सहित अन्य निर्णायकों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, ओम प्रकाश मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार पाल तथा जिला व्यायाम शिक्षक उपेंद्रनाथ उपाध्याय व शिक्षिका सीमा द्विवेदी सहित कई शिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।