MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) टसावन माह के दूसरे शनिवार को क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ददरा मुतलके रामपुर, रैकरी, धूरकर, कलवारी समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कांवड़िए भगवान भोलेनाथ का जयघोष करते हुए शिवद्वार मंदिर के लिए रवाना हुए। कुछ कांवड़िए चुनार से गंगाजल लेकर निकले, जबकि कई श्रद्धालुओं ने मीरजापुर के बरियाघाट से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा शुरू की। रविवार सुबह से शाम तक धूरकर स्थित बकहर नदी पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ी रही। भगवा वस्त्र धारण किए श्रद्धालु कांवड़ लेकर नदी के रास्ते आगे बढ़ते नजर आए। इस दौरान पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ददरा मुतलके रामपुर से रैकरी, धूरकर और कलवारी तक कांवड़ियों की आवाजाही बनी रही। रास्ते में स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों के लिए पेयजल, जलपान और विश्राम की व्यवस्था की। श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए सोमवार को सोनभद्र स्थित प्रसिद्ध शिवद्वार मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मार्ग पर स्थानीय लोगों में भी उत्साह रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कांवड़िया अतुल मौर्य ने बताया कि यात्रा के दौरान उनके पैरों में छाले पड़ गए हैं, लेकिन वह हार नहीं मानेंगे। सोमवार को शिवद्वार पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक जरूर करेंगे। वहीं शनि पटेल, बाबाजी, रोमित सेठ, अजय और बालाजी समेत कई कांवड़िए नाचते-झूमते हुए शिवद्वार की ओर रवाना हुए।







