BHADOHI NEWS: वित्तीय समावेशन महाअभियान के अंतर्गत सरईमिश्रानी गांव में मंगलवार को विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग के दिशा-निर्देश के क्रम में एक जुलाई से 30 सितंबर तक वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण महाअभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान आरबीआई के एजीएम जितेंद्र मोरे ने उपस्थित जनसमूह से सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से जुड़ने और डिजिटल लेनदेन पर बल दिया। साथ ही सभी को अपने खाते का केवाईसी करवाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लालच देने वाले अवैध वित्तीय संस्थानों से बचिए सरकारी बैंकों में ही लेनदेन करिए। इसके साथ ही साइबर फ्राड ( डिजिटल अरेस्ट) जैसे विषय पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन पर पैसे डबल करने या लाटरी जीतने जैसे लुभावने संदेशों को अनदेखा करिए। किसी अनहोनी की दशा में सरकार द्वारा जारी 1930 नंबर पर शिकायत करिए। आजकल नए नए तरीके से डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है। इसलिए जागरूक रहने की आवश्यकता है । बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार गुप्ता ने सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं से जुड़ने के लिए लोगों को प्रेरित किया। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित एवं यूनियन बैंक द्वारा प्रायोजित आर-सेटी के निदेशक भारद्वाज उपाध्याय ने संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।







