Home उत्तर प्रदेश साढ़े चार साल का नन्हा रोज़ेदार, मोहम्मद याह्या ने रखा पहला रोज़ा

साढ़े चार साल का नन्हा रोज़ेदार, मोहम्मद याह्या ने रखा पहला रोज़ा

PRAYAGRAJ NEWS:  रहमत और बरकत के मुक़द्दस महीने रमज़ान में जहाँ बड़े-बुज़ुर्ग इबादतों में मशग़ूल हैं, वहीं शहर में एक नन्हे रोज़ेदार ने सबका दिल जीत लिया। महज़ 4 वर्ष 6 माह की कमसिन उम्र में मोहम्मद याह्या ने अपनी ज़िंदगी का पहला रोज़ा रखकर मिसाल पेश की। इतनी छोटी उम्र में पूरे दिन सब्र और हिम्मत के साथ रोज़ा मुकम्मल करना परिवार के लिए फख्र का मौक़ा बन गया। अहमदपुर असरौली निवासी मोहम्मद जाकिर के पुत्र मोहम्मद याह्या एल केजी के छात्र हैं। उनकी वालिदा ने सुबह सहरी कराई और दिनभर उन्होंने अपने नाना हाजी मोहम्मद आमिर के साथ पाँचों वक्त की नमाज़ अदा की। हंसते-खेलते और पूरे जज़्बे के साथ उन्होंने अपना पहला रोज़ा पूरा किया। इस्लाम में रोज़ा तक़वा, सब्र और अल्लाह की क़ुर्बत हासिल करने का बेहतरीन ज़रिया माना गया है। कम उम्र में इस तरह की इबादत का जज़्बा समाज के लिए एक पैग़ाम है। रोज़ा इफ्तार के बाद परिजनों ने दुआओं से नवाज़ा और तोहफ़े देकर हौसला अफ़ज़ाई की। नन्हे याह्या का यह पहला रोज़ा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।