सपा एससी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सोनू वर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा
FATEHPUR NEWS: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से शुक्रवार को समाजवादी साइकिल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का आयोजन समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सोनू वर्मा ने किया। प्रेममऊ कटरा स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई यात्रा प्रताप नगर झाल तिराहा, ब्लॉक मुख्यालय, सब्जी मंडी और मुस्लिम मोहल्ले से होते हुए सर्वोदय इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर साइकिलों पर शामिल हुए। आयोजक सोनू वर्मा, रीता प्रजापति, महेंद्र निषाद और अयाह शाह विधानसभा अध्यक्ष मनोज यादव ने स्वयं साइकिल चलाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा। सोनू वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सामाजिक भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। महेंद्र निषाद ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए। रीता प्रजापति ने कहा कि देश की प्रगति के लिए समाज के सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान मिलना जरूरी है। नगर पंचायत अध्यक्ष फूलचंद्र वर्मा ने आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को राष्ट्र की मजबूती का आधार बताया। मनोज यादव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र देश की बड़ी ताकत हैं तथा युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। यात्रा के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर रजी खान, मुलायम सिंह यादव, रहीश राइन, कृष्ण कुमार कोरी, चांद कुरैशी, महेश पासी, रामफल यादव, प्रदीप सोनकर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।







