Home उत्तर प्रदेश समाधान दिवस में दो सौ उन्हत्तर शिकायतों में अठारह का हुआ निस्तारण

समाधान दिवस में दो सौ उन्हत्तर शिकायतों में अठारह का हुआ निस्तारण

लालगंज तहसील परिसर में जलभराव को लेकर फरियादी हुए हलाकान

PRATAPGARH NEWS: जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील परिसर में जलभराव के चलते लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। समाधान दिवस में दो सौ उन्हत्तर शिकायतें आयी। इनमें से अफसरों ने अठारह शिकायतों का निस्तारण कराया। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व की एक सौ पैतीस, पुलिस इक्सठ, विकास विभाग उन्नीस, समाज कल्याण छः, बेसिक शिक्षा तीन, विद्युत बारह, आपूर्ति विभाग चौबीस व अन्य नौ रहीं। सुबह से हुई तेज बारिश के कारण तहसील परिसर में चारो तरफ जलभराव हो उठा। इसकी सूचना मातहतो ने जिला मुख्यालय भेजवायी। इधर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी इंद्र प्रताप व नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार मिश्र को मोटर के जरिए पाइप से लगाकर परिसर का पानी बाहर निकाले जाने में मशक्कत करते देखा गया। वहीं सभागार से लगे बरामदे में तहसीलदार गरिमा वर्मा कर्मचारियों के साथ एकत्रित पानी को हटवाने में लगी दिखी। जानकारी मिलने पर डीएम शिवसहाय अवस्थी तथा एसपी डा0 अनिल कुमार पूर्व निर्धारित रोस्टर की जगह अन्यत्र तहसील में फरियादियों को सुनने जा पहुंचे। हालांकि बारिश और जलभराव के बावजूद भी फरियादियों की संख्या इतनी बढ़ गयी कि समाधान दिवस के निर्धारित समय के बाद भी अफसरों को कतार में लगे फरियादियों की सुनवाई करते देखा गया। फरियादियों को इस बात की निराशा जरूर हुई कि वह अपनी व्यथा डीएम व एसपी को नहीं सुना सके। परिसर में जलभराव के कारण अफसरो को अपने वाहनों से सभागार पहुंचते देखा गया। वहीं फरियादी गांठ भर पानी में मशक्कत करते सभागार पहुंचते दिखे। परिसर में जलभराव को लेकर वकीलों में भी गुस्सा देखा गया। वकीलों के विरोध की आशंका में जिलाधिकारी सम्भवतः समाधान दिवस में आना मुनासिब नहीं समझा। दोपहर करीब बारह बजे जिला स्तरीय अधिकारियों को डीएम के अन्यत्र समाधान दिवस में होने की जानकारी मिली तो वह आननफानन में यहां से निकल लिये। एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा तथा सीओ आशुतोष मिश्र ने शिकायतों की बारी बारी से सुनवाई की। जगन्नाथपुर के पूरे मीतन निवासी पवन कुमार पटेल ने शिकायती पत्र देकर बिजली विभाग की शिकायतों पर अफसरों के द्वारा सुनवाई न करने की बात कही। एसडीएम ने एसडीओ विद्युत आशुतोष कुमार को कार्रवाई के निर्देश दिये। संयुक्त अधिवक्ता संघ के महामंत्री हरिश्चंद्र पाण्डेय ने तहसील परिसर में आये दिन हो रहे जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। इस मौके पर तहसीलदार गरिमा वर्मा, ईओ इंद्र प्रताप, लालगंज प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, जेठवारा प्रभारी निरीक्षक सुभाष यादव, लीलापुर प्रभारी निरीक्षक मनोज पाण्डेय, सांगीपुर एसओ मनीष त्रिपाठी मौजूद रहे।