सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत वृद्धों को दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुयें एवं फल वितरित किए गए
JHANSI NEWS: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी के समाज कार्य विभाग द्वारा समाज कार्य विद्यार्थियों को वृद्धाश्रम झाँसी में का क्षेत्रीय कार्य भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वृद्धजनों से भेंटकर उनके जीवन के अनुभवों और समस्याओं को समझा। वृद्धाश्रम की कार्यकर्ता रोशनी ने आश्रम की वैधानिक संरचना, वृद्धजनों की देखभाल हेतु किए जा रहे कार्यों, खानपान आदि के विषय में जानकारी दी । समाज कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ यतीन्द्र मिश्र ने कहा कि समाज कार्य के विद्यार्थियों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान, बल्कि सामाजिक यथार्थ की प्रत्यक्ष जानकारी होना भी आवश्यक है। क्षेत्रीय कार्य समन्वयक डॉ मुहम्मद नईम ने कहा कि वृद्धावस्था में अकेलापन, उपेक्षा और स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयाँ आमतौर पर सामने आती हैं, जिन्हें समझना और उनके समाधान हेतु कार्य करना समाज कार्य के छात्रों की प्रमुख जिम्मेदारी है। सेवा पखवाड़ा सामुदायिक कार्य संयोजक डॉ नेहा मिश्रा ने वृद्धजनों के संरक्षण हेतु बनाये गए कानूनों एवं योजनाओं की जानकारी दी ।
विद्यार्थियों ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनके साथ बातचीत की एवं अपने माता पिता की सेवा का संकल्प लिया । बातचीत के दौरान विद्यार्थी एवं वृद्धजन भावुक हो उठे । इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं वरिष्ठजनों द्वारा भजन, ग़ज़ल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग एवं महिला अध्ययन केंद्र तथा सेल्स टैक्स कमिश्नर प्रियदर्शी कटियार के सौजन्य से वृद्धजनों के दैनिक उपयोग की सामग्री एवं फलों का वितरण किया गया। साम्रगी वितरण कार्यक्रम का संयोजन डॉ नेहा मिश्रा, संचालन डॉ मुहम्मद नईम ने एवं आभार श्रीमती गुंजा चतुर्वेदी ने व्यक्त किया । इस अवसर पर भूपेन्द्र मिश्र, रोहन कुमार, अभिषेक सिंह, प्रहलाद सिंह, नंदिनी, आस्था यादव, आस्था पाल, जाग्रति यादव, अंशिका त्रिपाठी, रौनक, मोहित सिंह, सुमित शर्मा आदि उपस्थित रहे ।







