Home उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

बाजार में बड़े वाहनों पर प्रतिबंध लगाने, अतिक्रमण हटवाने व जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग
PRAYAGRAJ NEWS:  समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शनिवार को कोरांव तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रदर्शन करते हुए एक नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और जिलाधिकारी प्रयागराज को संबोधित था, जिसे नवागंतुक तहसीलदार रोशनी सोलंकी को दिया गया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में डीएसी नंबर और गैस केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी अपील की। इसके अतिरिक्त, निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि और कॉपी-किताब व ड्रेस के नाम पर हो रही लूट पर अंकुश लगाने की मांग की गई। बिजली विभाग की अघोषित कटौती बंद कर 18 से 20 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग शामिल थी।विधानसभा कोरांव के जर्जर संपर्क मार्गों और मुख्य सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने का मुद्दा भी उठाया गया। मझिगवां गांव की चौहान बस्ती में विद्युतीकरण कराने, कोरांव बाजार में स्कूल खुलने और बंद होने के समय बड़े वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। क्षेत्र में स्थापित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों की जाली से सुरक्षा और बाउंड्रीवॉल बनवाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी क्षेत्रीय समस्याएं भी ज्ञापन में शामिल थीं। प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य सोमदत्त सिंह पटेल ने किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ललन सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य सुमन कोल, जिला उपाध्यक्ष राजेश पांडेय, विनय सोनकर, रविंद्र जैसल जाटव, पवन सोनकर, रामानुज यादव, पवन सिंघाल पटेल, लक्ष्मीकांत सिंह पटेल उर्फ ददुआ भाई, अनीता कोल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।