SIDHARTHNAGAR NEWS: आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ कस्बे में स्थित राजस्थान अतिथि भवन में शनिवार को ‘सत्या खुशहाल जीवन दान साइकिल योजना’ के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष छूट योजना के तहत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, नगर व क्षेत्रवासियों को भारी उत्साह के बीच कुल 146 साइकिलों का वितरण किया गया। योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सस्ता, सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें दैनिक आवागमन में सहूलियत मिल सके। विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई इस योजना के दौरान आयोजकों ने लोगों को इसकी विशेषताओं, पात्रता और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि यह जनहितकारी पहल समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक रूप से राहत देने और उन्हें गतिशीलता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इस रियायती दर पर साइकिल पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत की इस मुहिम की जमकर सराहना की। इस अवसर पर मौजूद चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग अभी तक इस विशेष छूट योजना का लाभ नहीं ले पाये हैं, वे बिना किसी देरी के शीघ्र अपना पंजीकरण कराएं। उन्होंने जानकारी दी कि इच्छुक लाभार्थी नगर पंचायत कार्यालय, शोहरतगढ़ में जाकर अपना पंजीकरण आसानी से करा सकते हैं। साथ ही उन्होंने जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस कल्याणकारी योजना की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं ताकि समाज का हर वर्ग इसका लाभ उठा सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा। इस दौरान मुख्य रूप से सभासद अनूप कसौधन, सभासद वकील खान, सभासद बाबूजी अंसारी, सभासद प्रतिनिधि बबलू गौड़, जितेंद्र पाण्डेय और कुणाल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व नगरवासी उपस्थित रहे।







