Home उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम, बिना फिटनेस व परमिट वाहनों पर...

सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम, बिना फिटनेस व परमिट वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश

स्कूल बसों की जांच, ओवरलोडिंग-ओवरस्पीडिंग पर चालान, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश
SIDHARTHNAGAR NEWS: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन व मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पंजीकरण व बिना फिटनेस कोई भी वाहन सड़क पर न चले। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच कराने और बिना फिटनेस बसों को तत्काल बंद कराने को कहा। डीएम ने बिना परमिट चल रहे वाहनों पर कार्रवाई और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए। एआरटीओ को ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ सख्ती से चालान करने को कहा। लोक निर्माण विभाग व एनएचएआई को ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड व गति सीमा संकेतक लगाने तथा उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और प्रमुख सड़कों के किनारे स्थित विद्यालयों में यातायात जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया।डीएम ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें, तीन सवारी न बैठाएं और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा रोडवेज चालकों का नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञान प्रकाश, अधिशासी अभियंता कमल किशोर, एआरटीओ व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।