Home उत्तर प्रदेश सड़क पर जानवर छोड़ना पड़ेगा महंगा, नगर पंचायत ने चलाया अभियान

सड़क पर जानवर छोड़ना पड़ेगा महंगा, नगर पंचायत ने चलाया अभियान

शोहरतगढ़ में आवारा और पालतू पशुओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मालिकों पर लगेगा 2000 रुपये का जुर्माना

SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत शोहरतगढ़ ने आवारा और सड़कों पर छोड़े गए पालतू पशुओं के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। यह कदम तब उठाया गया, जब हाल ही में एक दौड़ते हुए घोड़े की रस्सी में फंसकर एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा और भय का माहौल था। नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद नगर पंचायत कर्मियों की एक टीम ने शहर भर में अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे 45 बेसहारा पशुओं को पकड़ा और उन्हें गोशाला भेज दिया। अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने बताया कि अब से पालतू जानवरों को सड़क पर छोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर कोई भी पालतू पशु जैसे गाय, घोड़ा या बकरी सड़क पर घूमते हुए पाया गया, तो उसके मालिक पर 2000 रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।” अग्रवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने जानवरों को घर या घारी में ही बांधकर रखें। साथ ही उन्होंने स्वच्छता का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अपने आस-पास साफ-सफाई रखने और कूड़ा-करकट को कूड़ा वाहन में ही डालने का आग्रह किया। इस दौरान मनोज कुमार, श्रीनिवास, अंकित, राजेन्द्र, विश्वनाथ, अर्जुन और कमलेश जैसे कई नगर पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे।