Home उत्तर प्रदेश संपूर्ण समाधान दिवस में 216 शिकायतें प्राप्त, 26 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 216 शिकायतें प्राप्त, 26 का मौके पर निस्तारण

फतेहपुर सदर में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक रहे मौजूद
FATEHPUR NEWS: आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में तहसील सदर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, कृषि, माध्यमिक शिक्षा, सिंचाई, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी, जिला पूर्ति, श्रम विभाग तथा बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक मामले का निष्पक्षता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। जन शिकायतों की सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे तथा योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्साधिकारी, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।