Home उत्तर प्रदेश संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, कोहराम

संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, कोहराम

PRATAPGARH NEWS: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सांगीपुर थाना क्षेत्र के टेकनियापुर निवासी श्याम लाल वर्मा की पत्नी उर्मिला वर्मा (55) रविवार को सुबह घर से चीखते चिल्लाते निकली और कुछ ही दूर पर गांव के हरकेश पाल के घर के सामने बिछी चारपाई पर गिर गयी। देखते ही देखते उर्मिला की सांसे थम गयी। उर्मिला की मौत से गांव में हड़कम्प मच गया। इधर उर्मिला की मौत की जानकारी मायके बगल के कल्यानपुर कला गांव पहुंची। सूचना मिलने पर उसका भाई अमर बहादुर रोते बिलखते पहुंचा। अमर बहादुर की सूचना पर सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। सूत्रों के मुताबिक चार दिन पहले उर्मिला की मां की मौत हो गयी थी। वह मायके गई हुई थी। शनिवार को शाम वह मायके से ससुराल टेकनियापुर पहुंची। चर्चा के मुताबिक मृतका का पति श्याम लाल नशे का आदी है और वह ससुराल में हिस्से के लिए पत्नी से प्रायः विवाद किया करता था। उर्मिला के विरोध करने पर शनिवार की शाम भी पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ था। रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे पति द्वारा उर्मिला के साथ मारपीट की गयी। इस पर वह जान बचाने के लिए अस्तव्यस्त कपड़ों में घर से भागने लगी। सांगीपुर एसओ गौरव त्रिवेदी का कहना है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी। हालांकि सांगीपुर पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतका के पति श्याम लाल को हिरासत में ले रखा है।