Home आस्था श्रृंग्वेरपुर धाम में 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण आयोजन में विधान परिषद...

श्रृंग्वेरपुर धाम में 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण आयोजन में विधान परिषद सभापति को सौंपा आमंत्रण

PRAYAGRAJ NEWS: श्रृंग्वेरपुर में आगामी 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाले 5 दिवसीय 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस भव्य आयोजन को लेकर श्रीराम घाट समेत पूरे धाम क्षेत्र में साफ-सफाई और सजावट का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजक बाल राम स्वरूप श्रीश बाहुबली महाराज एवं संयोजक दीपा मौर्य ने मंगलवार को लखनऊ स्थित विधान भवन में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा। सभापति ने कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद के कई अन्य सदस्यों को भी इस धार्मिक अनुष्ठान के लिए आमंत्रित किया गया। श्रृंग्वेरपुर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी एवं समाजसेवी देवराज मौर्य ने भी विधानसभा परिसर में विभिन्न विधायकों से भेंट कर उन्हें न्योता दिया। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार जारी है। श्रृंग्वेरपुर धाम, होलागढ़, सोरांव, फूलपुर, फाफामऊ और शांतिपुरम समेत आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों में गाजे-बाजे के साथ जनसंपर्क किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं और युवाओं को इस 5 दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण अनुष्ठान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।