SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड बढ़नी के मानपुर गांव स्थित गन्ना तौल केंद्र से गन्ना लादकर तुलसीपुर चीनी मिल जा रहा ट्रक शुक्रवार को अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा श्री ब्रजेश्वरी इंटर कॉलेज घरुआर से करीब 100 कदम आगे हुआ। गनीमत रही कि उस समय स्कूल से निकल रहे बच्चे ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, ट्रक (यूपी 53 बीटी 3232) गन्ना तौल सेंटर से करीब 15 किलोमीटर दूर पहुंचा ही था कि सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक और ऊपर लटक रही पेड़ की डाल को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त स्कूल से बच्चे निकल रहे थे। ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े। सौ कदम की दूरी पर हुई इस घटना में कोई बच्चा चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। ट्रक चालक कन्हैया लाल यादव ने बताया कि सड़क किनारे ट्रक खड़ी थी और ऊपर पेड़ की डाल लटक रही थी। उसी को देखते हुए वह आगे निकल रहे थे, तभी अचानक ट्रक कैसे पलट गई, यह समझ में नहीं आया। उन्होंने कहा कि वाहन की रफ्तार धीमी थी, जिससे वह सुरक्षित बच गए।







