PRATAPGARH NEWS: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बाबा घुइसरनाथ धाम समेत विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने सजी आकर्षक झांकियों का दर्शन कर कन्हैया का विधि विधान से पूजन किया। बाबा घुइसरनाथ धाम में प्रातः काल से लेकर देर शाम तक भक्तों का तांता लगा दिखा। भक्त भगवान श्रीकृष्ण के लड्डू गोपाल के मनमोहक स्वरूप को निहारते दिखे। वहीं बाबा घुइसरनाथ का भी श्रृंगार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान माधव बिहारी के स्वरूप में देख भक्त आनन्दित हो उठे। लालगंज के हरिहर मंदिरम्, राधा मोहन मंदिर, श्री हनुमत निकेतन, प्राचीन शिव मंदिर समेत विभिन्न स्थानों पर भी भगवान की झांकी आकर्षक सज्जा मंे भक्तों को मुदित करती दिखी। कोतवाली प्रांगण में देर शाम प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के संयोजन में भजन संध्या में भी श्रीराधे कृष्ण संकीर्तन में भी भक्त मंत्रमुग्ध दिखे। उदयपुर तथा सांगीपुर व लीलापुर थाने में भी मंदिर पर भगवान द्वारिकाधीश की झांकी को श्रद्धालु निहारते दिखे। मंगापुर, अठेहा, दीवानगंज, अमावां, रानीगंज कैथौला, भटनी, रामपुर बावली, धारूपुर, बाबूगंज, सगरासुन्दरपुर, साहबगंज, रानीगंज अजगरा आदि क्षेत्रों में भी कन्हैया के जन्म का उत्सव भक्तों द्वारा धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों तथा झांकियों को फूलों व बिजली की रोशनी से खास ढंग से सजाया गया था। वहीं नौनिहालों को राधा रानी के वेश में भक्तिभावना का मनोहारी प्रस्तुतिकरण में देखा गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में भी चहल पहल का माहौल दिखा।







