Home आस्था श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

तांबेश्वर मंदिर व ओम घाट का किया निरीक्षण
FATEHPUR NEWS: श्रावण मास के आगामी सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री तांबेश्वर सिद्धपीठ मंदिर पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना हुसैनगंज क्षेत्र के ओम घाट का भ्रमण किया। यहां घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सदर उपजिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ), शहर कोतवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।