PRATAPGARH NEWS: लालगंज नगर के घुइसरनाथ मार्ग पर स्थित राधामोहन मंदिर परिसर में चल रही श्री शिवमहापुराण कथा में कथाव्यास स्वामी सम्पूर्णानंद महराज ने भगवान शिव की महिमा का बखान किया। कथा व्यास ने माता सती व प्रजापति दक्ष कथा प्रसंग में कहा कि बिना बुलाए यज्ञ में शामिल होने और पिता दक्ष द्वारा भगवान शिव को अपमानित करने का परिणाम यह हुआ कि माता सती ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उन्होने कहा कि यह कथा हमें ये बताती है कि अपने जीवन साथी व गुरू के प्रति विश्वास व श्रद्धाभाव होना चाहिए। कथाव्यास स्वामी सम्पूर्णानंद ने कहा कि शिवमहापुराण की कथा सच्चे मन से श्रवण करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होने बताया कि भगवान की कथाएं मनुष्य को सदाचार व धर्म मार्ग पर चलने को प्रेरित करती हैं। मुख्य आयोजक रामलखन जायसवाल व मीरा जायसवाल ने व्यासपीठ का रोली चंदन अक्षत से पूजन किया। कार्यक्रम का संयोजन दीपक जायसवाल एवं शिवकुमार जायसवाल ने किया। आयोजन समिति के बैजनाथ जायसवाल, विजयनाथ जायसवाल, कैलाशनाथ जायसवाल ने प्रसाद वितरण कराया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेन्द्र प्रताप सिंह चौहान ने किया। इस मौके पर नपं प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, अनिल तिवारी महेश, मोतीलाल जायसवाल, रामजी जायसवाल, छोटेलाल सरोज, रमाशंकर शुक्ल, रामप्रकाश जायसवाल आदि ने कथा श्रवण किया।







