Home उत्तर प्रदेश शिवपति पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर...

शिवपति पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू

SIDHARTHNAGAR NEWS:  स्थानीय शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वामी विवेकानंद एवं रानी लक्ष्मीबाई इकाई के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन रविवार को राम जानकी मंदिर, डोई शोहरतगढ़ परिसर में किया गया। शिविर की शुरुआत स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने आसपास सफाई अभियान चलाकर की। उन्होंने शिव नगर वार्ड संख्या-09 और गांधी नगर वार्ड संख्या-10 में स्वच्छता अभियान चलाते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वच्छता के नारे लगाते हुए छात्र-छात्राएं जब शिविर स्थल पर पहुंचे तो मेजर मुकेश कुमार ने शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे विशेष शिविर विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी वातावरण की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे विचारों और जीवनशैली में भी दिखाई देनी चाहिए। युवाओं को समाज में स्वच्छता अभियान की अगुवाई करनी चाहिए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रत्नेश सोनी उपस्थित रहे। इस दौरान स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम किशोर सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, अश्वनी सिंह, डॉ. इन्द्रदेव वर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।शिविर के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि भूगोल विभाग के सहायक आचार्य डॉ. इन्द्रदेव वर्मा ने स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज की प्रगति सुनिश्चित होती है। स्वच्छता व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है और इसे अपनाने से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे उठे” और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन रानी लक्ष्मीबाई इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने किया।