LUCKNOW/PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश शासन ने शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव को विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रताप सिंह को माध्यमिक शिक्षा निदेशक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अनिल भूषण चतुर्वेदी को बेसिक शिक्षा निदेशक का दायित्व दिया गया है। शासन के इस निर्णय से शिक्षा विभाग में नई प्रशासनिक ऊर्जा और कार्यकुशलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।इसके साथ ही विभाग में अन्य अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी परिवर्तन किया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन पदों का तत्काल कार्यभार ग्रहण कर शासन को कार्यभार ग्रहण प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराएं।विशेष सचिव कृष्ण कुमार गुप्ता द्वारा जारी आदेश के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच नई तैनातियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि आगामी शैक्षिक सत्र की तैयारियों तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में यह फेरबदल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने में सहायता मिलेगी।







