स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जारी है स्वछता अभियान
FATEHPUR NEWS: जिले के धाता विकास खंड में स्थित सरकारी स्कूलों में 18 सितंबर 2025 को स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बच्चों और अध्यापकों ने स्वच्छ परिवेश बनाए रखने की शपथ ली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी फतेहपुर के निर्देश पर परसिद्धपुर सहित सभी नौ न्याय पंचायतों के विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह स्वच्छता पखवाड़ा 16 सितंबर से 30 सितंबर 2025 तक चलेगा। भारत सरकार के मंत्रालयों और विभागों द्वारा 15 दिनों की अवधि में चलाए जाने वाले इस गहन स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना और लोगों को स्वच्छ जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अभियान की शुरुआत भारत सरकार द्वारा अप्रैल 2016 में की गई थी। इस अभियान में विभिन्न सरकारी संस्थान और स्कूल भाग लेते हैं। इसमें सफाई अभियान, पौधारोपण, वेबिनार और कचरा प्रबंधन जैसे कार्यों पर विशेष जोर दिया जाता है। स्वच्छता पखवाड़े का प्रमुख उद्देश्य देश में स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, खुले में शौच से रोकने और अपने आसपास सफाई रखने के लिए प्रेरित करता है, जिससे स्वच्छ भारत अभियान के तहत देश को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। ब्लॉक संसाधन केंद्र धाता में भी कार्यालय सहायक प्रमोद कुमार पाण्डेय, सतीश कुमार पाण्डेय और वेद नारायण द्विवेदी ने नगर पंचायत कार्यालय द्वारा नामित स्वच्छता कर्मियों के साथ परिसर की साफ-सफाई की। उन्होंने स्वच्छ भारत बनाए रखने का संकल्प भी लिया। विकास खंड धाता के खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि 17 और 18 सितंबर को निर्धारित स्वच्छता जागरूकता गतिविधि के तहत विकास खंड के सभी विद्यालयों में शपथ कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि 30 सितंबर 2025 तक निर्धारित अन्य गतिविधियों का विद्यालयों में अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।







