किसी अनहोनी का खतरा बताते हुए नंगे तार बदलवाने की मांग SAHARANPUR NEWS: बिहारीगढ़ शिवालिक वन प्रभाग की मोहण्ड रेंज स्थित गांव शाहाजहापुर में हाइटेंशन बिजली की लाइन आबादी के बीचों-बीच घरों की छतों को छुकर गुजर रही है, ग्रामीणों ने किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए जिलाधिकारी सहारनपुर से नंगे बिजली के तार हटवाने या उसकी जगह रस्सा केबिल बिछाकर उक्त खतरे से ग्रामीणों को बचाने की मांग की है।
ब्लॉक मुजफ्फराबाद क्षेत्र स्थित गांव कालूवाला जहानपुर के मजरा शाहजहांपुर निवासी ठेकेदार मरवान, अब्दुल सत्तार, मोहम्मद जब्बार, नूरहसन, दीन मोहम्मद, अब्दुर्रहमान, इसरार, जमील अहमद, मुफीद आदि ने बताया कि उनका गांव चारों तरफ से घने जंगलों और नदी खालो से घिरा हुआ है। आबादी के बीचों-बीच से हाई टेंशन बिजली की लाइन कई घरों सहित मस्जिद की छत को छूकर गुजर रही है किसी दिन भी कोई बड़ी अनहोनी हो गई तो कुछ भी कहा नहीं जा सकता। ग्रामीण दहशत में जी रहे हैं इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए अनेक बार क्षेत्रिय विधायक एवं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को भी ग्रामीणों ने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन हटवाने की गुहार लगाई है, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं, इन ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल से हाईटेंशन विधुत लाइन हटाने या गांव में नंगे तारों की जगह रस्सा केवल डलवाए जाने की मांग की है।







