शहीद परिवार को कृषि भूमि पट्टा एवं रोजगार उपलब्ध कराने पर व्यक्त किया गया आभार
BHADOHI NEWS: (नितेश श्रीवास्तव) पूर्वांचल विकास निधि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विकासखंड औराई की ग्राम पंचायत जेठूपुर में ग्राम जेठूपुर पिच रोड से जेठूपुर इंटरलॉकिंग मार्ग तक लगभग 700 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। लगभग 30 लाख 95 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क का लोकार्पण माननीय विधायक दीनानाथ भास्कर, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं शहीद धीरज कुमार गुप्ता की माता जी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह सड़क देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए शहीद धीरज कुमार गुप्ता की स्मृति एवं सम्मान में निर्मित कराई गई है। कार्यक्रम के दौरान शहीद की माता जी को कृषि कार्य हेतु भूमि का पट्टा भी प्रदान किया गया। इससे पूर्व प्रशासन द्वारा उन्हें आवासीय पट्टा भी उपलब्ध कराया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त नगर पंचायत घोसिया में शहीद धीरज गुप्ता के छोटे भाई नीरज गुप्ता को आउटसोर्सिंग व्यवस्था के अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराया गया है। शहीद परिवार एवं ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ महाराज जी, माननीय विधायक दीनानाथ भास्कर जिलाधिकारी शैलेष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी औराई, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा अधिशासी अधिकारी घोसिया सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहीदों का सम्मान एवं उनके परिवारों की सहायता सरकार एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा।







