मौक़े पर खड़े अधिकारी देखते रहे तमाशा
JALAUN NEWS: सुहाग महल पुल निर्माण में हो रही देरी और घटिया निर्माण कार्य को लेकर व्यापारी और स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को चरम पर पहुंच गया। लगातार छठवें दिन विरोध कर रहे व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया, जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर एसडीएम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया। लेकिन जब स्थानीय लोग और दुकानदार निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगे, तो ठेकेदार और उसके साथ मौजूद लोगों ने अचानक विरोध कर रहे व्यापारियों पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि SDM खुद मौके पर मौजूद थे, लेकिन वह मूकदर्शक बने रहे। लोग मदद की गुहार लगाते रहे लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ। व्यापारियों ने बताया कि न सिर्फ उनका व्यापार बर्बाद हो चुका है, बल्कि अब विरोध करने पर उन्हें दबाया और पीटा जा रहा है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में गहरी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार है, जिसकी वे जांच की मांग कर रहे थे, लेकिन अब उनकी आवाज़ को ठेकेदार की दबंगई और प्रशासन की चुप्पी से कुचला जा रहा है। प्रमुख व्यापारी राकेश मिश्रा, विनोद कुमार, राहुल, अशर्फी लाल चौरसिया और अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, वरना आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।







