FATEHPUR NEWS: विश्व तम्बाकू निषेध दिवस (31 मई) के अवसर पर जनपद में तम्बाकू एवं निकोटीन मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, फतेहपुर में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व तम्बाकू निषेध दिवस की थीम “आकर्षण का पर्दाफाश – निकोटीन और तम्बाकू की लत का मुकाबला” निर्धारित की गई है, जिसके तहत लोगों को तम्बाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उनकी लत से मुक्ति दिलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद ने की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों को तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में डॉ. इश्तियाक अहमद ने कहा कि तम्बाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि विश्व तम्बाकू निषेध दिवस का उद्देश्य केवल एक दिन जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तम्बाकू कंपनियों से किसी भी प्रकार का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सहयोग न देने और न लेने की भी शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने कार्यालय परिसर को पूर्णतः तम्बाकू मुक्त बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में तम्बाकू एवं तम्बाकू से बने किसी भी उत्पाद का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। कार्यक्रम के दौरान तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई तथा लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं तम्बाकू का सेवन छोड़ें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को तम्बाकू एवं निकोटीन की लत से बचाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इस अवसर पर डॉ. सुरेश कुमार (नोडल अधिकारी, तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ), डॉ. राजेन्द्र कुमार (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी), महेन्द्र सिंह लोधी (एडीआरओ), अमित कुमार मिश्रा (वरिष्ठ सहायक), पुनीत कुमार श्रीवास्तव (रीजनल कोऑर्डिनेटर, यूपीवीएचए), पंकज ठाकुर (डीपीए) सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने तम्बाकू मुक्त फतेहपुर और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन तम्बाकू निषेध शपथ के साथ हुआ तथा उपस्थित लोगों से अपने दैनिक जीवन में तम्बाकू से दूरी बनाए रखने और जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की गई।







