हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
PRATAPGARH NEWS: विश्वकर्मा पूजनोत्सव दिवस पर बुधवार को निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा में श्रद्धा और आस्था का सागर उमड़ पड़ा। बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान विश्वकर्मा की भव्य झांकी के साथ-साथ राधा–कृष्ण, काली मां, सुदामा और हनुमान जी की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं। कुंडा रोडवेज बस अड्डा पर विश्वकर्मा समाज के लोग एकत्रित हुए। जहां कुलदीप विश्वकर्मा ने भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधान से पूजन अर्चन कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा रोडवेज बस अड्डा से प्रारंभ होकर अस्पताल तिराहा, तिलौरी मोड़, कबरियागंज, मेन चौराहा, भगवान तिराहा, कोतवाली गेट, रजनपुर, देशराज का इंदारा होते हुए मानिकपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर पहुंची। रास्ते भर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा व आरती के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवन तिराहा पर कुंडा चेयरमैन शिवकुमार त्रिपाठी की अगुवाई में दि बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट कमलाकांत, ब्राम्हण समाज के संरक्षक सुरेश पांडेय, शिक्षक मनीष पांडेय, विजय पांडेय, राजेश त्रिपाठी व शुभम त्रिपाठी आदि ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के बड़े पुत्र शिवराज प्रताप सिंह बड़े राजा, अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा तथा सपा के प्रदेश महासचिव डॉ. शशिकांत शर्मा, पूर्व डीआईजी राधेश्याम विश्वकर्मा, विश्वकर्मा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा नेता महेंद्र विश्वकर्मा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। शोभायात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इंस्पेक्टर अवन दीक्षित और अपराध निरीक्षक कुंडा संजय सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने में संरक्षक श्यामलाल विश्वकर्मा, अध्यक्ष राम लखन, विनोद गुरुजी, जुगनू विश्वकर्मा, प्रधान शिवशरण विश्वकर्मा, प्रेम विश्वकर्मा, प्रदीप प्रधान, बीडीसी धर्मेंद्र, आकाश, सौरभ विश्वकर्मा, अनुज, सत्येंद्र, सुनील दत्त, वीरेंद्र समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







