PRATAPGARH NEWS: नहर में विवाहिता के मंगलवार को बरामद हुए शव को लेकर पुलिस ने अपहरण के दर्ज मुकदमें में हत्या की धारा में बढोत्तरी की है। वहीं पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर सांगीपुर थाना क्षेत्र के सांगीपुर निवासी अनुज सिंह व उसके कुछ अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ हत्या के मुकदमे मे आरोपी नामजद किया है। लालगंज थाना क्षेत्र के मदनगढ़ बेलहा निवासी स्व0 पारस नाथ गुप्ता की पत्नी शकुंतला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी पुत्री बबिता 25 बीती पन्द्रह मार्च को सुबह ग्यारह बजे इलाज कराने के लिए लालगंज निकली। इसके बाद पीड़िता की पुत्री घर वापस नही लौटी। देर शाम उसका फोन बंद हुआ तब परिजन परेशान हो उठे। पीड़िता व उसकी बेटी ललिता लालगंज में एक अल्ट्रासाउण्ड केंद्र पर मृतका का पता लगाने आयी पर उसकी जानकारी नही हो सकी। विधवा मां की तहरीर पर पुलिस ने अगले दिन सोलह मार्च को बबिता की गुमशुदगी दर्ज की। मंगलवार को संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोदवा गांव के समीप शारदा सहायक नहर में दोपहर बबिता का शव उतराया मिला। शव का शिनाख्त होने पर मृतका के ससुराल व मायके पक्ष के लोग विलाप करते वहां पहुंचे। परिजनों के काफी हंगामे के बाद किसी तरह पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। घटना को लेकर बुधवार को मृतका की मां ने लालगंज कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंपी। तहरीर में सांगीपुर निवासी अनुज सिंह पर बबिता का अपहरण कर निर्ममतापूर्वक हत्या किये जाने की बात कही गयी है। आरोपी अनुज से लालगंज स्थित एक पेट्रोल पम्प के पास गाड़ियों के एलाइमेंट का कार्य किया करता है। आरोप है कि अनुज ने मृतका की हत्या कर उसके शव को सहयोगियों के साथ मिलकर नहर में फेंक दिया। बबिता का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व पडोसी जिले रायबरेली के सलोन थाना अन्तर्गत अर्रो रतासो गांव में सुशील कुमार साहू के साथ हुआ था। मृतका छः माह की गर्भवती भी थी। विवाहिता के गर्भ में पल रहे छः माह के अजन्मे की भी मौत को लेकर महिलाओं को संवेदनशील देखा गया। घटना को लेकर तरह तरह की चर्चा भी देखी सुनी जा रही है। वहीं मृतका का शव पीएम के बाद देर शाम उसकी ससुराल सलोन थाना के अर्रो रतासो गांव परिजन लेकर रवाना हुए। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक गुरूवार को उसका शव यहां मायके मदनगढ़ लाया जाएगा। गुरूवार को ही मृतका के अंतिम संस्कार किये जाने की संभावना जतायी गयी है। पुलिस ने घटना के नामजद आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि केस दर्ज किया गया है, शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







