PRATAPGARH NEWS: अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को यहां लालगंज के अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमण्डल ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर समाधान की गुहार की है। लालगंज संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश व पूर्व अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल की अगुवाई में प्रतिनिधिमण्डल ने डीएम शिवसहाय अवस्थी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तहसील परिसर में बारिश को लेकर जलभराव होने से कठिनाईयों के समाधान का डीएम से अनुरोध किया गया है। वही ज्ञापन में पौराणिक स्थली घुइसरनाथ धाम में अवैध आरामशीनों के संचालन से पर्यावरण प्रदूषण को लेकर कार्रवाई की मांग उठाई गयी है। ज्ञापन में लालगंज नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे तथा बाजार में रोडवेज बसों के चौक क्षेत्र में ठहराव से हो रहे जाम की समस्या के भी समाधान कराए जाने की मांग रखी गयी है। डीएम ने लालगंज एसडीएम को समस्याओं के समाधान कराए जाने के बाबत निर्देश दिये हैं। इसके बाद संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश व पूर्व अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल के साथ अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार से मिलकर साथी अधिवक्ताओं की जानमाल से जुड़े लंबित मामलों में कार्रवाई का अनुरोध किया। एसपी ने प्रतिनिधिमण्डल को समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमण्डल में विश्वनाथ पटेल, दिनेश सिंह, रोशन सरोज, विपिन शुक्ला आदि अधिवक्ता शामिल रहे।







