महिला अस्पताल के नवनिर्माण, भोगन में बेलन नदी पर पुल शिव मंदिर के सुंदरीकरण की उठाई मांग
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विधायक राजमणि कोल ने उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर विधानसभा कोरांव के विकास कार्यों के बाबत पत्र सौंपा है। विधायक राजमणि कोल ने नगर पंचायत कोरांव में स्थित महिला अस्पताल के दुर्दशा का जिक्र करते हुए कहा है कि नगर पंचायत कोरांव में स्थित महिला अस्पताल की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। इसकी वजह से महिला मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महिला अस्पताल की बिल्डिंग का नवनिर्माण कराने तथा महिला चिकित्सक की तैनाती कराने की जहां मांग की है, वहीं भोगन गांव में बेलन नदी पर निचले रपटे के स्थान पर ऊंचा पुल निर्मित कराने के लिए भी पत्र दिया है। विधायक राजमणि कोल ने पुल निर्माण के लिए दिए गए पत्र में कहा है कि मध्य प्रदेश से बड़ोखर होते हुए रत्योरा कोरांव प्रयागराज मुख्य मार्ग पर ग्राम भोगन में बेलन नदी पर पुराना व अत्यधिक निचला रपटा बना है जो आए दिन नदी के बहाव में पानी से डूबा रहता है और आवागमन अधिक होने के कारण छोटी बड़ी घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में उन्होंने जनहित को देखते हुए पुराने निचले रपटे के स्थान पर नया उच्चीकृत पुल का निर्माण कराए जाने की मांग की है। इसी तरह विधायक राजमणि कोल ने देवघाट गांव में स्थित बेलन नदी के तट पर अति प्राचीन शिव मंदिर के सुंदरीकरण को लेकर भी पत्र सौंपा है। उन्होंने बताया है कि यह मंदिर काफी पुराना है। जहां तीन दिवसीय मेले का आयोजन होता है और दूर दराज तथा क्षेत्र के लोग पहुंच कर भगवान शिव का दर्शन पूजन करते हैं। उन्होंने इस शिव मंदिर के सुंदरीकरण की मांग की है।







