काशी के मणिकर्णिका घाट पर दी अंतिम विदाई, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
JAUNPUR NEWS: महाराष्ट्र के घाटकोपर पश्चिम से विधायक राम कदम की माता के निधन के बाद पूर्व सांसद धनंजय सिंह रविवार को मोक्षदायिनी नगरी काशी पहुंचे। उन्होंने मणिकर्णिका घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने विधायक राम कदम की माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। उन्होंने कहा कि राम कदम अपनी माता की लंबे समय से बीमारी के दौरान निरंतर सेवा और देखभाल कर रहे थे। व्यस्त सार्वजनिक जीवन के बावजूद उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन जिस समर्पण और प्रेम के साथ किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। धनंजय सिंह ने कहा ऐसे लोग सौभाग्यशाली हैं कि जिन्हें अपनी मां की सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है। मां के निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत भावुक हो गया। लंबे समय से मां अस्वस्थ थीं, लेकिन आपने हर परिस्थिति में उनका पूरा ध्यान रखा। मां के प्रति आपका स्नेह, सम्मान और समर्पण निश्चित रूप से आपके बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए एक आदर्श बनेगा।”
उन्होंने कहा कि माता-पिता के प्रति सेवा और सम्मान भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है। आने वाली पीढ़ियां भी ऐसे संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का प्रयास करेंगी।
मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होकर पूर्व सांसद ने आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।







