Home उत्तर प्रदेश विद्युत विभाग की हुई बैठक,डीएम ने लाइन लॉस कम करने व उपभोक्ता...

विद्युत विभाग की हुई बैठक,डीएम ने लाइन लॉस कम करने व उपभोक्ता समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, लाइन लॉस की स्थिति, लो वोल्टेज की समस्या तथा ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में लाइन लॉस को कम करना सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए तथा इसके लिए प्रभावी रणनीति बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने लाइनमैनों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो लाइनमैन अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक प्रकार से नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने लो वोल्टेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि फीडरों की बैलेंसिंग कर विद्युत आपूर्ति को सुचारू एवं संतुलित बनाया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयावधि के भीतर बदलने के निर्देश देते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो और समयबद्ध तरीके से विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य अभियंता देवीपाटन मंडल विद्युत विभाग ने विभागीय कार्यों की प्रगति, लाइन लॉस नियंत्रण, फीडर प्रबंधन तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मुख्य अभियंता देवीपाटन मंडल विद्युत विभाग, अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता विद्युत बलरामपुर एवं तुलसीपुर, समस्त उपखंड अधिकारी (एसडीओ), अवर अभियंता (जेई) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।