कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देवी देवताओं की आकर्षक झांकियों ने सबका मनमोहा
FATEHPUR NEWS: जहानाबाद कस्बे के राम जानकी धाम राम तलाई मंदिर में नवयुवक जन जागरण मंच के तत्वाधान में श्री गणेश महोत्सव में आयोजित रात्रि जागरण में कानपुर की सुप्रसिद्ध रोहित जागरण पार्टी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों को सुनकर जहां दर्शक झूमने को मजबूर हो गए, वहीं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई विभिन्न देवी देवताओं की झांकियों को देखकर मंत्र मुक्त हो गए।
नवयुवक जन जागरण द्वारा आयोजित 19वें श्री गणेश महोत्सव में शुक्रवार की रात को रात्रि जागरण का आयोजन हुआ जिसमें कानपुर की सुप्रसिद्ध रोहित जागरण पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर समा बांध दी। कार्यक्रम की शुरुआत विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की स्तुति वंदना से हुई इसके बाद कलाकारों ने भगवान श्री गणेश मां शेरावाली, राधा कृष्ण के भजनों को प्रस्तुत कर वहां मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रात्रि जागरण के दौरान सांवरे झांकी ग्रुप बिल्हौर के कलाकारों ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश वीर हनुमान शंकर पार्वती, राधा कृष्ण, मां काली मां दुर्गा आदि देवी देवताओं की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत कर भक्तों का मन मोह लिया। जागरण के दौरान जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
इस मौके पर नवयुवक जन जागरण मंच के पदाधिकारियों सहित बड़ी तादाद में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।







