MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) मंगलवार को व्यापारी गौरव दानवीर भामाशाह के जन्मदिवस पर राज्य कर विभाग के द्वारा विकास भवन के सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, विशिष्ट अतिथि मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी विकास कुमार, व्यापारी प्रतिनिधि के रूप में शत्रुघ्न केसरी वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, आशीष बुधिया अध्यक्ष दरी-कार्पेट एसोसिएशन मिर्जापुर, दिनेश कुमार दुबे संयुक्त आयुक्त प्रशासन राज्य कर मीरजापुर, अंजेश कुमार बरनवाल उपायुक्त राज्य कर, दुर्गेश यादव उपायुक्त राज्य कर मिर्जापुर, संदीप कुमार उपायुक्त उद्योग मीरजापुर को मंच पर आमंत्रित किया गया। मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अधिकारियों द्वारा सरकार की व्यापारिक कल्याण योजनाओं एवं जीएसटी में व्यापारियों द्वारा दिए जा रहे राजस्व पर उद्बोधन दिया गया। उपायुक्त उद्योग ने मिर्जापुर में उद्योग और व्यापार के प्रोत्साहन के संदर्भ में अपने विचार रखे। व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा दानवीर भामाशाह की जयंती पर उनको नमन करते हुए उनके जीवन परिचय, कृतित्व, व्यक्तित्व एवं दानवीरता पर प्रकाश डाला गया तथा जनपद मिर्जापुर के उद्यमी-व्यापारियों के हित एवं मिर्जापुर के समग्र विकास के लिए उचित मांग रखी गई। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा भामाशाह की राष्ट्रभक्ति, त्याग और दानवीरता पर प्रकाश डालते हुए मिर्जापुर के समुचित विकास एवं व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा की गई मांग पर पूर्ण सहयोग व क्रियान्वयन का आश्वासन दिया गया। लोक गायिका रानी सिंह द्वारा मधुर मनोहर स्वरांजलि प्रस्तुत की गई। दस सम्मानित राजस्व दाता व्यापारी एवं उद्यमियों को माल्यार्पण, प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। उद्योग विभाग एवं श्रम विभाग द्वारा पांच श्रमजीवी महिलाओं को विश्वकर्मा किट और सम्मान प्रदान किया गया। संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार दुबे द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की गई। उक्त कार्यक्रम में सैकड़ों उद्यमी-व्यापारियों के साथ मनोज खंडेलवाल, राजेंद्र अग्रवाल, राजीव शुक्ला, संजय गुप्ता, उमा बरनवाल, नमिता केसरवानी, अनीता गुप्ता, अमन दुबे, हिमांशु सेठ सहित तमाम व्यापारी और उद्यमी उपस्थित रहे।







