एसपी ने धीरेन्द्र ठाकुर को भेजा असोथर तो मनीष कुमार बने जहानाबाद थानाध्यक्ष
FATEHPUR NEWS: जिले में बुधवार को विकास कार्यों में धंधली की जांच करने टीम पहुंची थी। इस दौरान प्रधान और शिकायतकर्ता पक्षों के बीच बवाल हो गया। बवाल के दौरान दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से नामजद और अज्ञात समेत 43 लोगों पर केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस की मौजूदगी में बवाल होने पर एसपी ने असोथर थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी को लापरवाही बरतने का जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर थाने की कमान जहानाबाद में तैनात थानाध्यक्ष धीरेंद्र ठाकुर को सौंपी है। वहीं, उनके स्थान पर एसपी पीआरओ रहे मनीष कुमार को जहानाबाद का थाना इंचार्ज बनाया गया है। जानकारी के अनुसार, असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में धांधली को लेकर अशोक निगम उर्फ गुड्डू ने जिला प्रशासन से लेकर शासन तक मामले की शिकायत की थी। इस पर बुधवार को टीम गांव पहुंचकर जांच कर रही थी। इस दौरान वर्तमान प्रधान पति संतोष द्विवेदी और शिकायतकर्ता पक्ष के लोग मौके पर मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि जांच स्थल से कुछ ही दूरी पर सरकंडी खास में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी डंडे और धारदार हथियार से एक दूसरे पर हमला बोल दिया। बवाल में दोनों पक्षों से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस की मौजूदगी में हुए बवाल को देखते हुए एसपी अनूप कुमार सिंह ने असोथर थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी को लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने उनकी जगह पर जहानाबाद थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर को एसओ की कमान सौंपी गई है। उधर, एसपी पीआरओ रहे मनीष कुमार को जहानाबाद का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। इस मामले में असोथर में तैनात एसआई प्रदीप शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने शिकायतकर्ता पक्ष से अशोक निगम, रोशन सिंह, आदर्श, सुनील तिवारी, मनोज शर्मा, विनोद तिवारी, अरुण निगम, नीरज तिवारी, इंद्रेश तिवारी, शुभम सिंह, हरतालिका दुबे व दूसरे पक्ष से संतोष द्विवेदी, राजू, अभय जोशी, चंदन, महेंद्र मौर्य, वीरकरन शर्मा, पप्पू, साहिल, नक्की, प्रकाश निषाद, बबलू, प्रियम, आदित्य, कुलदीप, राजेश मिश्रा, चेतन त्रिपाठी एवं मयंक समेत 28 लोगों के अलावा 15 अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं डीएसपी थरियांव वीर सिंह ने बताया कि विकास कार्यों की शिकायत की रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।







