Home उत्तर प्रदेश विकासखंड पटेहरा परिसर में विधायक रमाशंकर पटेल ने विंध्य मार्ट एवं आधार...

विकासखंड पटेहरा परिसर में विधायक रमाशंकर पटेल ने विंध्य मार्ट एवं आधार सेवा केंद्र का किया उद्घाटन

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शनिवार को विकासखंड पटेहरा कलां, मंडल मड़िहान, विधानसभा मड़िहान स्थित विकासखंड परिसर में विंध्य मार्ट का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया। विंध्य मार्ट में दैनिक उपयोग एवं गृहस्थी से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इस मार्ट का संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर अपने संबोधन में  विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे छोटे-छोटे उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज समूह की महिलाएं न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है और इस दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसके पश्चात विधायक ने विकासखंड परिसर में स्थापित आधार सेवा केंद्र का भी उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्रीय नागरिकों को नया आधार कार्ड बनवाने, आधार में संशोधन कराने एवं अन्य आधार संबंधी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा। इससे लोगों को दूर-दराज के केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी  सिद्धार्थ सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनीष सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सहायक विकास अधिकारी (कृषि), शुभम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में किसान, समूह की महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।