Home उत्तर प्रदेश वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, सन डायग्नोस्टिक सेंटर...

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, सन डायग्नोस्टिक सेंटर का किया निरीक्षण

सीएमओ बोले—वीडियो की जांच कराई जा रही, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
LAKHIMPUR KHERI NEWS: शहर के घंटाघर के पास स्थित सन डायग्नोस्टिक सेंटर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। वीडियो में एक महिला सेंटर के संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करती दिखाई दे रही है। महिला ने वीडियो में कमीशन को लेकर विवाद तथा भ्रूण लिंग जांच जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और मौके पर टीम भेजकर जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घंटाघर स्थित सन डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंचकर निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने 10 मार्च को अपने बयान में बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए सेंटर की व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कराई गई है। उन्होंने बताया कि टीम ने मौके पर मौजूद अभिलेखों और लाइसेंस से संबंधित कागजातों की भी पड़ताल की है। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला कौन है और कहां की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर सन डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालिका संगीता सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके सेंटर को बदनाम करने के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते शुक्रवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके केंद्र का नाम खराब करने के उद्देश्य से यह वीडियो वायरल किया है। संचालिका के अनुसार कुछ समय से उनके यहां किसी प्रकार की जांच नहीं हो रही थी, क्योंकि डॉक्टर उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। इसके बावजूद उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि उनका सेंटर सभी नियमों के अनुरूप संचालित होता है और आवश्यक दस्तावेज भी मौजूद हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वायरल वीडियो की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।