FATEHPUR NEWS: रिजर्व पुलिस लाइन, फतेहपुर में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी की जनपद अध्यक्ष कृति मांगलिक ने की। समारोह में शैक्षिक सत्र 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृति मांगलिक ने सभी छात्र-छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई दी तथा उन्हें अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियां न केवल विद्यार्थियों बल्कि उनके परिवार और समाज के लिए भी गौरव का विषय हैं। साथ ही उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस दौरान सम्मानित छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। सभी ने वामा सारथी की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रदान कीं। यह सम्मान समारोह पुलिस परिवार के बच्चों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।





