Home उत्तर प्रदेश लोक अदालत की सफलता को लेकर मंथन, समझौता योग्य मामलों के निस्तारण...

लोक अदालत की सफलता को लेकर मंथन, समझौता योग्य मामलों के निस्तारण पर जोर

SIDHARTHNAGAR NEWS: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जनपद न्यायालय परिसर में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित कर न्यायिक अधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 9 मई 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तय की गई। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता से चिन्हित किया जाए, जिनमें समझौते की अधिक संभावना हो, ताकि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण हो सके। बैठक में चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन अधिनियम, बैंक ऋण वसूली, विद्युत बिल विवाद, श्रम संबंधी मामलों सहित अन्य सिविल प्रकृति के प्रकरणों को लोक अदालत में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। न्यायिक अधिकारियों से अपने-अपने न्यायालयों में लंबित मामलों की सूची तैयार कर अधिकाधिक मामलों को निस्तारित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत बीरेन्द्र कुमार, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश त्रिभुवन नाथ, मनोज कुमार तिवारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव कटियार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। नोडल अधिकारी बीरेन्द्र कुमार ने सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देशित किया कि पैरालीगल वालंटियर्स के माध्यम से न्यायालय, कलेक्ट्रेट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, बाजार व तहसील मुख्यालय जैसे स्थानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें। बैठक के अंत में सभी न्यायिक अधिकारियों ने लोक अदालत को सफल बनाने और अधिकाधिक मामलों के निस्तारण का भरोसा दिलाया।