Home Blog लालगोपालगंज के विकास में रोड़ा बनने वालों पर हो कार्रवाई

लालगोपालगंज के विकास में रोड़ा बनने वालों पर हो कार्रवाई

69
0

– विकास कार्यों को गति देने को 13 सभासदों ने दिखाई एकजुटता, ठंड से निपटने और जनसुविधाओं पर बनी अहम रणनीति’’
लालगोपालगंज। नगर पंचायत लालगोपालगंज में विकास के पहिये को गति देने और कस्बे की मूलभूत समस्याओं के निस्तारण के लिए सभासदों ने एक बड़ी पहल की है। नगर के 13 सभासदों ने एकजुट होकर न केवल रुके हुए कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया, बल्कि विकास में बाधा डालने वालों के खिलाफ मोर्चा भी खोल दिया है।
लालगोपालगंज कस्बे में जनहित से जुड़े मुद्दों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में एक आकस्मिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की सबसे खास बात यह रही कि इसमें नगर पंचायत के कुल 15 सभासदों में से 13 सभासदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जो विकास के मुद्दे पर उनकी एकजुटता को दर्शाता है। करीब तीन घंटे तक चली इस मंतरणा में नगर की दशा और दिशा सुधारने पर गहन मंथन किया गया। अध्यक्ष पति मुख्तार अहमद की विशेष मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में सभासदों ने एक सुर में कहा कि नगर का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। चर्चा के दौरान यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया कि कुछ तथाकथित लोग सुनियोजित तरीके से नगर के विकास कार्यों में रोड़ा अटका रहे हैं। सभासदों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव रखा कि ऐसे अड़ंगा लगाने वाले व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को विकास का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में उपस्थित प्रमुख सभासद नफीस अहमद, अमरेश सरोज, एडवोकेट राहुल गुप्ता और अमरबहादुर यादव ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु पुरानी अधूरी परियोजनाओं को पारदर्शिता के साथ जल्द से जल्द पूरा करना था। इसके अलावा बदलते मौसम और कड़ाके की ठंड की आहट को देखते हुए जनसुविधाओं पर भी विस्तृत रणनीति तैयार की गई। सभासदों ने मांग किया है कि नगर के प्रमुख चैराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के लिए पर्याप्त मात्रा में लकड़ी का इंतजाम तुरंत सुनिश्चित किया जाए। साथ ही असहाय, गरीब और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए कंबलों की खरीदारी और वितरण की प्रक्रिया को भी जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया। जनसुरक्षा और रात्रि में आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों तत्काल बदलने की मांग की गई। बैठक में सभासद जियालाल पाल, सुलेमान फारूकी, करमचंद्र यादव, राधेश्याम पटेल, सभासद पुत्र अरशद कमाल, सभासद पति फहीम उद्दीन, इमरान फारूकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।