VARANASI NEWS: लगातार हो रही बारिश गरीब परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। ग्राम सभा पिलोरी, थाना मिर्जामुराद, जिला वाराणसी में बारिश के कारण कई परिवारों के कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मकान गिरने से राजकुमारी देवी, गिरजा प्रसाद, प्रभा शंकर और विष्णु दत्त समेत कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। लगातार बारिश के चलते कच्चे मकान कमजोर हो गए और देखते ही देखते जमींदोज हो गया। मकान गिरने के बाद परिवार के लोगों के सिर से छत छिन गई है। अब ये परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घर का सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि बारिश के मौसम में मकान गिरने से उनके सामने सबसे बड़ी चिंता रहने की हो गई है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवार बेहद परेशान हैं। प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए और उन्हें रहने के लिए सुरक्षित स्थान तथा सरकारी मदद दी जाए ।







