FATEHPUR NEWS: जिले में गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। जाफरगंज थाना क्षेत्र के भारतपुर घाट पर रिंद नदी किनारे गणेश प्रतिमाएं दलदल में पड़ी मिलीं। गणेश चतुर्थी के दौरान स्थानीय लोगों ने मूर्तियों की स्थापना की थी। विसर्जन के समय उथले पानी में मूर्तियां छोड़ दी गईं। एसडीएम बिंदकी प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन की तरफ से विसर्जन की कोई अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि संभवतः पुलिस से अनुमति ली गई होगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि न तो किसी हिंदू संगठन ने और न ही किसी समाजसेवी ने मूर्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की पहल की। प्रतिमाओं की इस स्थिति को देखकर क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि खुले में पड़ी मूर्तियों को व्यवस्थित करवाया जाएगा। यह घटना धार्मिक भावनाओं से जुड़ी होने के कारण स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।







