Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पीड़ितों को मिलेगा सुलभ व सस्ता...

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पीड़ितों को मिलेगा सुलभ व सस्ता न्याय

राष्ट्रीय लोक अदालत को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का आह्वान
JHANSI NEWS:  उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में आगामी 09 मई  को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी प्रतीक त्रिपाठी द्वारा जनपद के समस्त तहसीलदारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राजस्व से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करना रहा। बैठक में सचिव त्रिपाठी ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व, भूमि अर्जन एवं अन्य छोटे विवादों को चिन्हित कर उन्हें लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से निस्तारित कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चिन्हित वादों में पक्षकारों को समय से नोटिस तामील कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग लोक अदालत में उपस्थित होकर इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर लंबित मामलों के निस्तारण में तकनीकी साधनों का अधिकतम उपयोग कर प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि आमजन को यह जानकारी हो सके कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों में अपील का प्रावधान नहीं होता तथा इससे समय और धन दोनों की बचत होती है। सचिव प्रतीक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य केवल आंकड़ों में वृद्धि करना नहीं, बल्कि पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को सुलभ, त्वरित एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में जनपद की विभिन्न तहसीलों के अधिकारी डिजिटल माध्यम से उपस्थित रहे।