KAUSHAMBI NEWS: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर विकासखंड सिराथू के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में सोमवार को जागरूकता व क्विज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक विकास कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बच्चों ने तकनीक के महत्व को समझते हुए डिजिटल शिक्षा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में आईसीटी की पाठशाला द्वारा आयोजित ऑनलाइन क्विज व ई-सर्टिफिकेट अभियान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों को इंटरनेट, डिजिटल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा व आधुनिक तकनीक के उपयोग से संबंधित जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापक ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। डिजिटल संसाधनों के प्रयोग से बच्चों की सीखने की क्षमता और रचनात्मकता दोनों बढ़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति को याद करने का अवसर है। इस मौके पर बच्चों को तकनीक का सही और सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





