JAUNPUR NEWS: लाइनबाजार स्थित जिला पंचायत डाक बंगले में शनिवार को राष्ट्रवादी नौजवान सभा की प्रथम बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह ने की। बैठक में युवाओं की राष्ट्रनिर्माण में भूमिका, सामाजिक समरसता, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और यदि वे भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों के विचारों से प्रेरणा लें, तो एक सशक्त व समावेशी भारत का निर्माण संभव है। जिला संरक्षक अशोक सिंह ने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास व सामाजिक सेवा में भागीदारी की अपील की, जबकि प्रबंधक प्रमोद शुक्ला ने सरकार से शिक्षा और स्वास्थ्य को आम जनता के लिए सुलभ बनाने की मांग की। जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने भगत सिंह के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष की आवश्यकता जताई। बैठक के अंत में कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कई युवाओं ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।







