Home उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की बैठक में पीड़ितों को...

रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की बैठक में पीड़ितों को त्वरित सहायता देने के निर्देश

डीएम और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई जिला स्टीयरिंग समिति की बैठक
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिला स्टीयरिंग समिति की बैठक शनिवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महिला एवं बाल उत्पीड़न से प्रभावित पीड़िताओं को नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र पीड़िताओं को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पात्र लाभार्थियों को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में महिला एवं बाल उत्पीड़न से जुड़े मामलों में विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित जिला स्टीयरिंग समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।