PRATAPGARH NEWS: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक Raghuraj Pratap Singh के हालिया बयान को लेकर बिहार ब्लॉक क्षेत्र में समर्थन का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। विकासखंड बिहार के मलावा ग्राम के प्रधान पति सिद्धनाथ यादव ने राजा भैया के समर्थन में खुलकर बयान देते हुए उन्हें सर्व समाज का हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि राजा भैया ने देशहित, समाजहित और सनातन समाज के कल्याण को ध्यान में रखते हुए अपने विचार व्यक्त किए थे, लेकिन कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ लेने और सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने के लिए उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का प्रयास किया, जो पूरी तरह विफल रहा। सिद्धनाथ यादव ने बिना किसी का नाम लिए समाज के कुछ तथाकथित नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग खुद को यादव समाज का बड़ा हितैषी बताते हैं, वही समाज को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंडा और बाबागंज क्षेत्र में यादव समाज अब वास्तविकता को समझ चुका है और लोग यह महसूस कर रहे हैं कि कठिन समय में मदद के लिए सबसे पहले राजा भैया ही आगे आते हैं।
उन्होंने वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय यादव समाज का एक वर्ग भ्रमित हो गया था, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में यादव समाज एकजुट होकर राजा भैया का समर्थन करेगा और बिहार ब्लॉक के बूथों पर इसका असर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
सिद्धनाथ यादव ने कहा कि राजा भैया को यह भी जानकारी है कि पिछली बार यादव समाज पूरी तरह उनके साथ नहीं था, इसके बावजूद उन्होंने कभी भेदभाव नहीं किया और सभी वर्गों की लगातार मदद करते रहे। यही वजह है कि आज विभिन्न ग्राम सभाओं के यादव समाज के प्रधान और जिम्मेदार लोग तेजी से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से जुड़ रहे हैं।







