SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत राजस्व कार्यों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के प्रदर्शन और लंबित मामलों पर गहनता से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और लैपटॉप एवं टैबलेट वितरण की समीक्षा की गई, जिसमें जिलाधिकारी ने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर ई-केवाईसी कराने और जल्द वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग का प्रदर्शन लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी और तहसीलदारों को ई-खसरा फीडिंग, खुर्रा बंटवारा, निर्विवाद वरासत और पांच वर्ष से अधिक लंबित मुकदमों की प्राथमिकता से समीक्षा करने को कहा। उन्होंने धारा-34, धारा-80 और पांच एवं तीन साल के राजस्व वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। मंडी की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के तहत किसी भी प्रकरण को लंबित न रखने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र और जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पत्थर नसब (सीमांकन) के बाद यदि कोई व्यक्ति पत्थर हटाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कराया जाए और भूमि की पैमाइश के पश्चात मेढ़ भी बनवाई जाए। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सम्पूर्ण समाधान दिवस और अन्य सभी प्रकरणों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि जनपद की रैंकिंग खराब नहीं होनी चाहिए और सभी लोग ठीक ढंग से कार्य करें। जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली बढ़ाकर लक्ष्य पूर्ण करने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर स्टाम्प कर, भू-राजस्व वसूली, व्यापार कर, मंडी समिति, खनन विभाग, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई और शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, समस्त उपजिलाधिकारी न्यायिक, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आर.ए., सी.आर.ए., एलआरसी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।







