9 लोगों ने किया रक्तदान, 20 का हुआ पंजीकरण
FATEHPUR NEWS: राजकीय महिला इंटर कॉलेज में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन बृजेश पाठक के मार्गदर्शन में चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित किया गया। ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का संयोजन फतेहपुर के रेडक्रास चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रभाकांत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिविर का उद्घाटन किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. निशात शहाबुद्दीन और विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर में 9 लोगों ने रक्तदान किया और 20 लोगों ने आगामी शिविरों के लिए पंजीकरण कराया। रक्तदान करने वालों में प्रधानाचार्य रमाकांत सिंह, अध्यापक अनिल कुमार यादव, सुनील सिंह, कमलाकांत अवस्थी, अजय कुमार पांडेय, सुनील कुमार त्रिपाठी, चंद्रभान सिंह, अभिषेक गुप्ता और धनराज शामिल थे। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रेडक्रास चेयरमैन ने सभी अध्यापकों को रक्तदान की शपथ दिलाई। विद्यालय के प्राचार्य ने रेडक्रास सोसाइटी के कार्यों की सराहना की और डॉ. अनुराग ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
शिविर में जिला अस्पताल रक्त केंद्र से डॉ. डी.के. वर्मा सहित कई स्वास्थ्यकर्मी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





